कवर्धा

छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश बॉर्डर पर पकड़ाया 9 लाख का गांजा: गुप्त चेंबर बनाकर ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे तस्कर…4 दबोचे गए

कवर्धा। छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश बॉर्डर पर पुलिस ने करीब 9 लाख रुपए का गांजा पकड़ा है। इसे तस्कर एक गुप्त चेंबर में छिपाकर उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। मगर कवर्धा में पुलिस ने इन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में कुल 4 आरोपी पकड़े गए हैं। मामला चिल्फी थाना क्षेत्र का है।

पुलिस को यह सूचना मिली थी कुछ तस्कर गांजा लेकर आ रहे हैं। इस गांजे को दूसरे राज्य ले जाने की तैयारी है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर एक टीम को तैनात किया था। इसी टीम ने रायपुर की तरफ से आ रही ट्रक को पकड़ा था। ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को ट्रक के अंदर बने गुप्त चेंबर से 19 पैकेटों में 44.900 किलो मिला। इसके बाद पुलिस ने इस गांजे को जब्त कर लिया है।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दीपक (36), प्रेम सिंह नायक (35) महेंद्र सिंह और नेत्रपाल सिंह बताया है। दीपक और प्रेम उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। जबकि अन्य 2 ओडिशा के रहने वाले हैं। इन्होंने बड़े ही शातिर तरीके से गांजा तस्करी करने का प्लान बनाया था। मगर कामयाब नहीं हो सके हैं। गाड़ी की तलाश करने पर पुलिस को ट्रक से आयरन मिट्‌टी भी मिला है। जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए है। फिलहाल चारों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

Related Articles