दुर्ग

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष हटाए गए: कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू को मिली नई जिम्मेदारी…सीएम भूपेश बघेल ने दिए थे जांच के निर्देश

दुर्ग। जिले के सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष जवाहर वर्मा को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष होंगे।

सूत्रों के मुताबिक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग में 1 करोड़ रुपए से अधिक का तालपतरी खरीदी के नाम पर घोटाला हुआ था। इसके साथ ही ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर लेनदेन का आरोप लगा था। इसकी शिकायत सीधे सीएम हाउस में की गई थी। मुख्यमंत्री ने खुद इस मामले की जांच करवाई थी। जांच करने पर घोटाले और अन्य आरोपों की पुष्टि हुई थी। साथ ही इसमें अध्यक्ष जवाहर वर्मा का नाम भी सामने आया था। इसके चलते उनसे इस्तीफा लिया गया। इस्तीफा मंजूर करने के बाद सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ के पंजीयक हिम शिखर गुप्ता ने 7 नवंबर को नया आदेश जारी किया।

बीएसपी कर्मी को बना दिया गया था अध्यक्ष

पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 19 जुलाई 2021 को जवाहर वर्मा को अशासकीय व्यक्ति बताते हुए केंद्रीय सहकारी बैंक दुर्ग का अध्यक्ष बनाया गया था। जबकि जवाहर वर्मा भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारी हैं। शासकीय कर्मचारी होने के बाद भी उन्होंने यह पद स्वीकार किया और लाभ के दो-दो पदों पर एक साथ रहे। वह 4 नवंबर 2022 तक इस पर बने रहे। इसके बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब कांग्रेस नेता राजेंद्र साहू को इस पद की जिम्मेदारी दी गई है।

विधानसभा के दावेदार थे राजेंद्र साहू

आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाने वाले राजेंद्र साहू 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए दुर्ग जिले से विधानसभा टिकट की दावेदारी कर रहे थे। ऐसा कहा जा राह है कि पार्टी उन्हें नाराज नहीं करना चाहती थी, इसलिए उन्हें केंद्रीय सहकारी बैंक का अध्यक्ष बना दिया गया। इसके बाद अब उनकी दावेदारी उतनी मजबूत नहीं रहेगी, जितनी की पहले थी।

Related Articles