महासमुंद

रथयात्रा में खूनी संघर्ष: चाकू मारकर 17 साल के लड़के की हत्या…2 घायल…गुस्साए लोगों ने लगाया जाम…3 गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में शुक्रवार को रथ यात्रा के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। पुरानी रंजिश में दो गुट आपस में भिड़ गए। इसमें 17 साल के एक लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जबकि 2 लोग घायल हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने परिजनों के साथ सड़क पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस ने 3 आरोपियों को देर रात ही गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरायपाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड-15, महलपारा निवासी धरमसिंह चौहान का बेटा दुष्यंत चौहान (17), भतीजा लक्ष्मण चौहान और नाती अंकित चौहान तीनों शुक्रवार शाम करीब 6 बजे रथयात्रा देखने के लिए राजमहल मैदान पैदल गए थे। मेले में भीड़ के चलते रात करीब 8.30 बजे धक्का-मुक्की होने लगी। बात इतनी बढ़ी कि दुष्यंत चौहान सहित दूसरे गुट में विवाद शुरू हो गया। इस पर आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया।

इलाज के दौरान नाबालिग ने तोड़ा दम

इस चाकूबाजी में दुष्यंत, लक्ष्मण चौहान और अंकित चौहान घायल हो गए। वहीं चाकूबाजी के चलते मेले में हड़कंप मच गया। दुष्यंत लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस तीनों को लेकर अस्पताल पहुंची। वहां उपचार के दौरान रात में दुष्यंत ने दम तोड़ दिया। जबकि बाकी दोनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ रास्ता जाम कर दिया। करीब 4 घंटे तक हंगामा चलता रहा।

पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि संजय नगर निवासी गणेश जायसवाल ने पुरानी रंजिश को लेकर दुष्यंत की हत्या की है। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। पता चला कि गणेश जायसवाल को योगेश जायसवाल बाइक पर लेकर बरमकेला की ओर भागा है। टीम पीछे गई तो रास्ते में योगेश मिल गया। पूछताछ की तो पता चला कि गणेश को उसके मामा के घर रायगढ़ के सरिया में ग्राम खैरगड़ी छोड़ दिया है।

पुलिस ने भाग रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा

इसके बाद पुलिस ने योगेश को हिरासत में ले लिया और उसे साथ लेकर रायगढ़ पहुंची। वहां पता चला कि गणेश एक अन्य आरोपी विग्नेश महापात्र के साथ बाइक पर भागा है। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर और उन्हें गांव में ही पकड़ लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या किए जाने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू और दोनों बाइक भी जब्त कर ली।

Related Articles