रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक वहशी दरिंदे ने तीन साल की मासूम से दुष्कर्म किया। दरिंदे ने मजदूर की मासूम बेटी के मुंह मे अंडा डालकर दुष्कर्म किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार है। पुलिस तलाश कर रही है।
दरअसल, धरसीवां इलाके के सांकरा स्थित एक फैक्ट्री में वारदात को अंजाम दिया गया है। फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले मध्यप्रदेश के गरीब श्रमिक परिवार रहते हैं। दोपहर को जब बच्ची फैक्ट्री के अंदर खेल रही थी। तभी अज्ञात वहशी दरिंदा फैक्ट्री के अंदर आया। सूनसान जगह पर ले जाकर घटना को अंजाम दिया।
बच्ची की हालत नाजुक
घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। इधर बच्ची के न दिखने पर श्रमिक परिजन उसे खोजने में जुटे। बच्ची बेहोश पड़ी मिली। बच्ची के मुंह में अंडा भरा हुआ था। सूचना मिलते ही सिलतरा पुलिस मौके पर पहुंची। बच्ची को गंभीर हालत में धरसीवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने से उसे तत्काल रायपुर के मेकाहारा भेजा गया है।
पतासाजी में जुटी पुलिस
मासूम चिल्ला न सके इसलिए वहशी दरिंदे ने तीन साल की मासूम के मुंह में अंडा डाल दिया। उसके साथ दरिंदगी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। मजदूरी करने वालों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर फैक्ट्री प्रबंधन सवालों के घेरे में है, जबकि धरसीवां और सिलतरा पुलिस वहशी दरिंदे की पतासाजी में जुट गई है।
किस दुकान से लाया अंडा ?
सवाल यह उठता है कि होली के दिन यह वहशी दरिंदा अंडा कहां से किस दुकान से लाया। होली के मौके पर लगभग सभी दुकानें बंद रहती हैं, लेकिन ऐसी दुकान जिनमें दुकान मालिक का घर भी हो वह हर समय सामान बेचते हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है ताकि आरोपित को दबोचा जा सके। घटना स्थल फैक्ट्री से लगभग पचास कदम की दूरी पर दो तीन दुकान हैं, जो अंडा भी बेचते हैं। कहीं ऐंसा तो नहीं की वहशी दरिंदा इन्हीं में से किसी दुकान से अंडा खरीदकर ले गया होगा। पुलिस दुकानदारों की मदद से आरोपित की पतासाजी कर रही है।